महोबा। ट्रेन में सफर के दौरान दो यात्रियों के ट्रॉली बैग से चोर जेवर समेत हजारों का माल चोरी कर ले गए। जीआरपी पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के सिहोनिया गांव निवासी प्रमोद सिंह तोमर ने जीआरपी पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन से मानिकपुर से ग्वालियर जा रहा था। उसने ट्रॉली बैग सीट के नीचे रखा था। अतर्रा स्टेशन के पास वह सो गया। महोबा पहुंचने पर जब वह जागा तो ट्रॉली बैग गायब था। पीड़ित ने बताया कि बैग में 25 हजार रुपये, पायल व अन्य जरूरी सामान था। एक अन्य घटना में बलिया निवासी अनुज चौधरी ने जीआरपी पुलिस को तहरीर दी। बताया कि दो सितंबर को वह मां के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन से वाराणसी से ग्वालियर जा रहा था। उसने ट्रॉली बैग सीट नंबर 57 के नीचे रखा था। रात एक बजे उसकी नींद खुली तो बैग रखा था। मऊरानीपुर स्टेशन निकलने के बाद देखा तो उसका बैग चोरी हो गया था। बैग में तीन ग्राम सोने का मंगलसूत्र, तीन ग्राम के तीन सोने के पैंडल और एक चांदी का एक ग्राम का पैंडल था। साथ ही अन्य कागजात व कपड़े भी चोर ले गए।
जीआरपी थानाध्यक्ष संजना सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।