फोटो- 11 एचएएमपी 13- टेढ़ा में स्कूल गेट के सामने बंधे विद्युत तार। संवाद
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत टेढ़ा में विद्युत एवं शिक्षा विभाग के बीच हाईटेंशन लाइन को लेकर चल रही खींचतान अब स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। शिक्षा विभाग के विरोध के बावजूद विद्युत विभाग ने विद्यालय के मुख्य गेट पर लगे पोल में हाईटेंशन लाइन के तार बांध दिए हैं। इससे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को तारों के नीचे से होकर स्कूल में प्रवेश करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत टेढ़ा में स्टेट हाईवे बांदा मार्ग के किनारे वर्षों से प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। विद्युत विभाग इन विद्यालयों के मुख्य गेट के सामने से हाईटेंशन लाइन निकालने की तैयारी कर रहा है। विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों की सुरक्षा का हवाला देते हुए मुख्य गेट के सामने से लाइन निकालने का विरोध किया है।
प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. ओम नारायण ने बताया कि मामले की शिकायत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से की गई थी। बीएसए ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर विद्यालय परिसर से लाइन हटाने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद विद्युत विभाग ने मुख्य गेट के पास लगे पोल में तार बांध दिए हैं। तार नीचे होने के कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को झुककर उनके नीचे से गुजरना पड़ रहा है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है और विद्यालय में आने-जाने वाले सभी लोग परेशान हैं।
उपखंड अधिकारी विद्युत एमपी सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग के कहने पर विद्यालय की बाउंड्री के अंदर लगी लाइन हटाकर सड़क किनारे से निकाली जा रही है। इसमें भी शिक्षक विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि तार नीचे बंधे हैं तो बुधवार को उन्हें ऊपर करा दिया जाएगा।