हमीरपुर। जिले में वायरल व डेंगू के मरीज बढ़ रहे हैं। यहीं कारण है कि जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को 979 मरीजों ने ओपीडी पर्चा बनवा अपना इलाज कराया। जिसके कारण फिजीशियन कक्ष में मरीजों की खासी भीड़ रही। वहीं 14 बुखार पीड़ितों की कराई गई जांच में एक डेंगू पॉजिटिव निकला।
मंगलवार को बुखार, पेट दर्द के साथ खांसी जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक देखने को मिली। जिला अस्पताल में फिजीशियन कक्ष के सामने मरीजों की भीड़ रही। 979 मरीजों ने ओपीडी पर्चे बनवाए, जिनमें करीब 300 मरीज फिजीशियन डाॅ. आरएस प्रजापति द्वारा देखे गए। उन्होंने बताया कि खानपान में लापरवाही के चलते वायरल बढ़ रहा है। मरीजों को ठंडा पेय व वासे खाने से परहेज की सलाह दी जा रही है। वहीं लैब में 14 बुखार पीड़ितों की रैपिड जांच की गई। जिसमें मुख्यालय के खालेपुरा मोहल्ला निवासी मनीषा पत्नी राजकुमार डेंगू पॉजिटिव पाई गई। जिला मलेरिया अधिकारी आरके यादव ने बताया कि मोहल्ले में निरोधात्मक कार्यवाही कराई जाएगी।