भरुआ सुमेरपुर। 25 दिसंबर की रात गायत्री तपोभूमि प्रांगण की कथा स्थल पर जन्मदिन पार्टी के बहाने अश्लील डांस कराने के मामले में कार्रवाई के नाम पर पुलिस ने हीलाहवाली की है। इस बात से नाराज हिंदूवादी संगठन बुधवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करेंगे।
बजरंग दल के जिला कार्य समिति सदस्य आशीष सिंह अल्लू, नैतिक सोनी, आदर्श तिवारी, संस्कार त्रिपाठी, रामजी, उत्कर्ष सैनी आदि का आरोप है कि गत 25 दिसंबर को तपोभूमि स्थली में जन्मदिन पार्टी के बहाने ईसाई मिशनरी के इशारे पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें अश्लील डांस कराकर जन-जन की आस्था का केंद्र तपोभूमि की आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया। इस प्रकरण में गायत्री मंदिर के पुजारी के नेतृत्व में पुलिस को 26 दिसंबर को सुबह तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई थी। लेकिन पुलिस ने अभी तक आयोजकों से पूछताछ के अलावा कोई कार्यवाही नहीं की है।
इससे हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश पनप रहा है। बजरंग दल के जिला कार्य समिति सदस्य आशीष सिंह अल्लू ने मंगलवार को बताया कि थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया था। अगर रिपोर्ट नहीं दर्ज किया जाता है, तो वह मुख्यालय में बुधवार को प्रदर्शन करके कार्यवाही की मांग करेंगे।