पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के रोत बिलखते परिजन।
- फोटो : amarujala
सोमवार की शाम सुमेरपुर कस्बे के लीणा नाले के पास हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाला युवक अपने भाई के साथ खेती बाड़ी में हाथ बंटाता था। पुलिस की माने तो अगर वह हेलमेट लगाए होता तो उसकी जान बच सकती थी। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में मरे युवक के परिवार में कोहराम मचा है। वहीं इस हादसे में घायल दूसरे युवक का इलाज चल रहा है। उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
सुमेरपुर थानाक्षेत्र के विदोखर मेंदनी गांव निवासी जयप्रकाश (35) पुत्र उमाशंकर अवस्थी अपने साथी बिदोखर पुरई निवासी पवन धुरिया (20) के साथ सोमवार की देर शाम बिना हेलमेट लगाए बाइक से सुमेरपुर बाजार कर गांव जा रहे था। तभी कस्बे के लीणा नाले के पास कल्टीवेटर लगाए आगे जा रहे ट्रैक्टर चालक के ब्रेक लगाने पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर कल्टीवेटर से जा टकराई। जिससे दोनों बाइक सवार घायल होकर सड़क पर गिर गए।
बाइक चला रहे जयप्रकाश के सिर में गंभीर चोटें आने पर उसे पीएचसी ले जाया गया। जहां उसे चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ला रहे थे तभी उसकी रास्ते में मौत हो गई। जबकि पवन का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक के बड़े भाई ओमप्रकाश अवस्थी ने बताया कि जयप्रकाश अविवाहित था। वह भी उसके साथ किसानी का कार्य करता था। मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।