राठ। शादी के पहले से पत्नी के एक युवक से संबंध होने की जानकारी हुई , तो युवक अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने कोर्ट पहुंच गया। वहां नोटरी पर पत्नी से अलग रहने की रजामंदी भी दे दी। इसके बाद प्रेमी शादी से मुकर गया।
चरखारी थाना क्षेत्र के गुढ़ा गांव निवासी युवक ने बताया कि 14 मई 2021 को उसकी शादी मझगवां थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ हुई थी। उसकी पत्नी के शादी से पहले धमना गांव के गैर बिरादरी के युवक से संबंध थे। शादी का बाद इसका पता चला तो उसके होश उड़ गए। गुरुवार को पत्नी का प्रेमी मिलने के लिए उसके गांव पहुंच गया। वहां ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। युवक ने बताया कि पत्नी व उसके प्रेमी ने एक दूसरे से संबंध होने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने पत्नी की शादी उसके प्रेमी से कराने का फैसला किया। इसके लिए युवक ने अपने घरवालों को भी राजी कर लिया। शुक्रवार को परिजनों के साथ वह पत्नी को लेकर कचहरी पहुंच गया। तत्काल में तलाक न होने पर दोनों ने नोटरी पर अलग होने की रजामंदी देते हुए दस्तखत कर दिए। इसके बाद प्रेमी ने शादी से इनकार कर दिया। प्रेमी का कहा है कि उसे गांव में बुलाकर तमंचे के बल पर संबंध स्वीकार करने को मजबूर किया गया है।