हमीरपुर बस अड्डे से निकल रही निगम की एक बस में बिना समाजिक दूरी बैठे यात्री।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो ने तीन और अंतर्राज्यीय रूटों पर बस सेवा शुरू की है। यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने दो दिल्ली जबकि एक चंडीगढ़ के रूट में इजाफा किया है। वहीं, अब डिपो से चलने वाले कुल रूटों की संख्या 96 हो गई है। अभी भी करीब 90 रूट कोरोना महामारी के कारण बंद हैं। निगम के पास करीब डेढ़ दर्जन और रूटों को चलाने की मांग भी आई है।
इससे पूर्व निगम प्रबंधन ने जैसे-जैसे कोरोना के मामले कम हुए हैं वैसे-वैसे रूटों में इजाफा किया। लेकिन अब तीसरी लहर के चलते मामले फिर बढ़ने लगे हैं तो रूटों पर अंकुश लग सकता है और अगर मामले बढ़े तो कई रूट बंद भी हो सकते हैं। फिलहाल निगम ने लोगों की सुविधा के लिए जिन तीन रूटों पर बसें शुरू की हैं उनमें हमीरपुर-दिल्ली-गुड़गांव के लिए शाम 4:40, हमीरपुर-संधोल-दिल्ली दोपहर 12 बजे और हमीरपुर चंडीगढ़ शाम 6:20 शामिल हैं। इस तरह निगम प्रबंधन 78 लोकल और 16 अंतर्राज्यीय रूटों पर बसें भेज रहा है।
एचआरटीसी हमीरपुर के डीडीएम विवेक लखनपाल ने कहा कि 96 रूटों पर बसें भेजी जा रही हैं। तीन नए रूट शुरू किए हैं। सरकार के निर्देशानुसार ही आगामी निर्णय लिए जाएंगे।