मौदहा कस्बे के एक होटल में जंजीर से बंधा मजदूर इमरान।
- फोटो : HAMIRPUR
मौदहा (हमीरपुर)। नौकर के पैर में बेड़ियां डालकर काम कराने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने होटल मालिक को जेल भेजा है।
नगर के राजमार्ग राठ तिराहे पर मो. असलम का होटल हैं। होटल में चंदपुरवा गांव निवासी इमरान नौकर है। पुलिस के अनुसार पिछले माह इमरान की प्रेमिका ने उससे सोने की जंजीर देने को कहा। प्रेमिका को खुश करने के लिए इमरान ने होटल मालिक मोहम्मद असलम की सोने की चेन सोते समय चोरी कर उसे दे दी। जानकारी होने पर असलम ने इमरान को कोतवाली ले जाकर पुलिस के सामने सारा मामला बताया। इमरान ने बताया कि कोतवाली में उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए असलम को जंजीर की कीमत देने की बात कही। कहाकि जब तक जंजीर की कीमत असलम को नहीं दे देता तब तक वह होटल में काम करता रहेगा।
इधर बुधवार को अचानक इमरान के पैर में जंजीर बंधी होने के बाद उसका होटल में काम करने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मो.असलम के खिलाफ मामला दर्जकर उसे जेल भेज दिया।
कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि होटल में नौकर को बांधकर काम कराने का वीडियो वायरल हुआ है। इसी मामले में इमरान की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया है। आरोपी को जेल भेजा गया है।