हमीरपुर। इनदिनों वायरल का जबरदस्त प्रकोप है। सरकारी अस्पतालों से लेकर प्राइवेट क्लीनिकों में मरीजों का तांता लगा है। सदर अस्पताल में मंगलवार को मरीजों व तीमारदारों की भीड़ रही। काउंटर में 1507 मरीजों ने पर्चे बनवाए।
मौजूदा समय में उमस से लोग परेशान हैं। कभी तेज धूप व बारिश में ठंड का अहसास होने लगता है। सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंचीं शहर के रमेड़ी मोहल्ला निवासी अनीता, अंकिता व पूजा और आशीष ने बताया वह तीन दिनों से बीमार हैं। डा. आरएस प्रजापति ने टायफाइड की जांच कराई है। चिकित्सक ने कहा मंगलवार को 300 मरीजों की जांच कराई है।
कहा मौसम बदलने से खांसी, जुकाम, बुखार, उल्टी दस्त व डायरिया के मरीज आ रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए पिछले दो साल से चिकित्सक नहीं है। ऐसे में मरीजों को बाहर से जांच करानी पड़ रही है। उधर वायरल से प्रभावित बच्चे भी अस्पताल आ रहे हैं। चिकित्सक राधेरमण का कहना है बीमार बच्चों को उनकी मां पौष्टिक आहार दें। बासी भोजन न दें, पानी उबालकर पिएं, रात में खुले में न सोएं, अपने शरीर के साथ घर में सफाई रखें।