भरुआ सुमेरपुर। थानाक्षेत्र के पत्योरा गांव में पुरानी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर ने साथियों संग मिलकर चचेरे भाई को लहूलुहान कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि वह सुबह तहरीर लेकर पुलिस चौकी पहुंचा लेकिन पुलिसकर्मियों ने उपचार कराने के बजाय उसे दिनभर चौकी में बैठाए रखा और उपचार तक नहीं कराया।
गांव निवासी राजा सिंह ने बताया कि चचेरा भाई थाने का टॉपटेन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार रात आरोपी ने शराब के नशे में साथियों संग मिलकर पुरानी रंजिश में उसके साथ मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित की पत्नी प्रियंका ने आरोप लगाया कि पति सुबह तहरीर लेकर चौकी गए लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें दिनभर बैठाए रखा और उपचार तक नहीं कराया। दोपहर बाद घटना से इन्कार करते हुए डपटकर घर भेज दिया।
चौकी प्रभारी निशांत दुबे ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी और मौखिक जानकारी देकर लौट गया। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मारपीट की जानकारी मिली है। मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।