सदर अस्पताल में रोते बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
महोबा डिपो की अनुबंधित बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सक ने हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया। रास्ते में घायल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सजेती थानाक्षेत्र के बांध गांव निवासी मान सिंह (35) पुत्र केदारनाथ रविवार की सुबह लगभग 8:30 बजे बाइक से मजदूरी करने के लिए हमीरपुर आ रहा था। जैसे ही वह दुर्गा मोड के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही अनुबंधित महोबा डिपो की बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी होने पर पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे भाई गौरव ने उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफ र कर दिया। कानपुर ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हमीरपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मानसिंह की पत्नी निर्मला देवी ने बताया कि मजदूरी कर के अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। पुत्र सुमित (13) व पुत्री काजल (10) है। सदर अस्पताल के चिकित्सक एके सिंह ने बताया कि बाइक सवार के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। अगर वह हेलमेट लगाए होता तो जान बच सकती थी।