हमीरपुर। डॉ. राधकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के रैन बसेरा में चल रही शिशु रोग ओपीडी के पास हीमोफीलिया उपचार केंद्र खुल गया है। यहां इस आनुवांशिक बीमारी के इलाज के लिए बाकायदा आईपीडी की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। केंद्र में जल्द ही हीमोफीलिया के उपचार की सभी सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। हीमोफीलिया एक आनुवांशिक बीमारी है। इसमें शरीर के बाहर बहता हुआ खून जमता नहीं है। खून में थक्के बनना बंद हो जाते हैं।
ऐसे में चोट या दुर्घटना के समय यह व्यक्ति के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। क्योंकि खून का बहना बंद नहीं होता है। चिकित्सकों के अनुसार इस रोग का कारण एक रक्त प्रोटीन की कमी होती है, जिसे क्लॉटिंग फैक्टर कहा जाता है। ऐसे में इसका उपचार बच्चों की ओपीडी के साथ ही प्रथम तल पर मिलेगा। यहां बिस्तरों की सुविधा भी है। बता दें कि कोविड-19 के कारण बच्चों की ओपीडी को मेडिकल कॉलेज की भीड़ से हटाकर रैन बसेरा में शुरू किया गया है। यहां वैक्सीनेशन भी होती है। एमएस डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि हीमोफीलिया उपचार केंद्र रैन बसेरा में खोला गया है। जहां इसके इलाज की सुविधा मिलेगी।