मौदहा (हमीरपुर) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ ने मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार से कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर काम किया और सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। इसके बाद सीएससी अधीक्षक रजत रंजन तिवारी को ज्ञापन दिया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पांच से सात अक्तूबर तक काला फीता बांधकर विरोध जारी रहेगा।
पदाधिकारियों के अनुसार आठ से 10 अक्तूबर तक जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार किया जाएगा। 11 अक्तूबर को आरोग्य मेले का बहिष्कार करेंगे। इसके बाद भी मांगों पर सार्थक वार्ता नहीं हुई तो 12 अक्तूबर से संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। संघ ने आंदोलन की सूचना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भेज दी है। इस दाैरान अध्यक्ष तबस्सुम बानो, उपाध्यक्ष राजेश सोनी, महामंत्री सुशील शिवहरे, कोषाध्यक्ष अदनान अहमद, डॉ. सनिब शाहिद, डॉ. असलम, डॉ. आसिफ परवेज, डॉ. आशुतोष, नसरीन बानो, संगीत यादव, सीमा साहू आदि रहीं।