हमीरपुर। रविवार को जनता कर्फ्यू के आह्वान का स्वास्थ्य विभाग ने भी आम लोगों से सहयोग की अपील की है। ताकि इस बीमारी के प्रसार पर काबू पाया जा सके।
सीएमओ डा. आरके सचान ने बताया कोरोना से मौत का चलन ज्यादातर उन्हीं में देखा गया है। जो पहले से रोगग्रस्त हैं, उम्रदराज हैं, कम प्रतिरोधक क्षमता वाले हैं या फिर बुजुर्ग हैं। कोविड-19 एक ऐसा संक्रमण है। जो सीधे संपर्क में आने या किसी संक्रमित व्यक्ति या वस्तु के संपर्क में आने से फैलता है और यह संक्रमण प्रभावित करता है। बताया इस बीमारी की घातकता दर दो से तीन प्रतिशत ही है।
जो 2003 में फैले सार्स की घातकता दर से 10 फीसदी और 2012 में आए मर्स की घातकता दर से 35 फीसदी कम है। कहा इस बीमारी में सबसे अधिक चिंतित करने वाला कारक इसका प्रसार दर है जो काफी अधिक है। बीमारी का प्रसार रोकने का सबसे अच्छा तरीका लोग एक दूसरे के संपर्क में कम से कम आएं। अनावश्यक भीड़ वाली जगह पर न जाएं। हाथों को मुंह, नाक या आंख पर न ले जाएं। सैनिटाइजर का प्रयोग करें या हाथों को समय-समय पर धुलते रहें।
तैयारियों के साथ विभाग
सीएमओ ने बताया कोरोना से बचाव के लिए जिला अस्पताल में 6 बेड का वार्ड है। जिसे 10 बेड तक किया जा सकता है। इसके अलावा छानी सीएचसी में 30 बेड का क्वेरेंटाइन वार्ड स्थापित किया गया है। जहां कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने वालों को 15 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। बताया जिले में अभी तक 5 ऐसे लोग मिले हैं। जिन्होंने विदेश यात्रा की थी। इन सभी की निगरानी की गई, सभी स्वस्थ हैं।
सावधानी ही बचाव
लोगों से एक मीटर की दूरी पर रहें, खांसते, छींकते समय रुमाल का इस्तेमाल करें। कोई शंका तो हो जिले में बने कंट्रोल रूम के नंबर 05282225491 पर संपर्क करें। प्रदेश सरकार के हेल्प लाइन नंबर 18001805145 पर भी संपर्क कर सकते हैं। शंका समाधान के लिए केंद्रीय हेल्पलाइन नंबर 911123978046 पर भी फोन कर सकते हैं।
किए गए इंतजाम
मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ के लिए प्रचुर मात्रा में मास्क, सैनिटाइजर, दस्तानें, पीपीई किट, हाईपोक्लोराइड सॉल्यूशन और ब्लीचिंग पाउडर मौजूद है। जिला स्तर पर एक एएलएस एंबुलेंस को चिह्नित किया गया है। जिसका स्टाफ प्रशिक्षित है।
-------------
नहीं चलेंगीं बसें, बाजार रहेगा बंद
राठ। प्रधानमंत्री के जनता कर्फ्यू का असर एक दिन पहले से ही दिखने लगा है। शनिवार को सभी पार्क, व्यूटी पार्लर आदि बंद कर दिए गए। रविवार सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रोडवेज सेवा पूरी तरह से बंद रहेगी।
कोरोना से निबटने के लिए जहां एक ओर शासन प्रशासन जुटा है। वहीं लोगों ने भी इसके लिए खुद को तैयार कर लिया है। रोडवेज डिपो के स्टेशन इंचार्ज विजय नारायण विश्वकर्मा ने बताया जनता कर्फ्यू को देखते हुए रविवार सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक रोडवेज सेवा पूरी तरह से बंद रहेगी। बसों में स्प्रिट का छिड़काव कर आइसोलेट किया जा रहा है। रोडवेज कर्मचारी यात्रियों को बचाव के प्रति जागरूक करने में लगे हैं।
वहीं नगर पालिका द्वारा कस्बे के सागर दर्शन पार्क, चौपरा मंदिर पार्क सहित सभी पार्कों व सागर तालाब पथवे को बंद कर दिया है। व्यूटी पार्लर, शॉपिंग माल जैसे भीड़भाड़ वाले प्रतिष्ठान पहले ही बंद किए जा चुके हैं। एसबीआई शाखा के आधार आपरेटर सुनील कुमार ने बताया शासन के निर्देश पर शनिवार से आधार बनाने का काम बंद कर दिया है।