हमीरपुर। जिला अस्पताल में बुधवार को बुखार पीड़ित मरीजों की भीड़ रही। डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। अस्पताल में डेंगू के 15 सैंपलों की एलाइजा किट से जांच हुई। 11 लोगों को डेंगू की पुष्टि हुई है।
जिला अस्पताल में 1043 मरीजों ने पर्च बनवाए। 205 मरीजों ने खून की जांच कराई। जांच कक्ष ओपीडी के साथ पर्चा व जांच कक्ष में मरीजों और तीमारदारों की भारी भीड़ रही। फिजीशियन डॉ.आरएस प्रजापति ने बताया कि 232 मरीजों का उपचार किया है। बताया कि वायरल बुखार के 107 मरीज देखे गए हैं। सीएमएस डॉ.विनय प्रकाश ने बताया कि डेंगू लक्षण वाले मरीजों की जांच एलाइजा किट से की जा रही है। बताया कि 15 लोगों के सैंपलों की जांच हुई। इनमें 11 लोगों की डेंगू निकलने की पुष्टि हुई है। इसमें महोबा निवासी जेनब (5), महोबा निवासी धरवा (13) महोबा निवासी सुरेंद्र (20) महोबा निवासी दुष्यंत (15), खुशी (5), प्रताप 16, रोहित (15), महोबा निवासी आस्था (16), कुलपहाड़ निवासी राहुल (24), सुमेरपुर निवासी रुद्रा (6) व शहर के डिग्गी निवासी अभी कुमार (10) को डेंगू निकलने पर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
भरुआसुमेरपुर में दो दिन में दो मौत
मवईजार गांव में दो दिन में दो लोगों की डेंगू बुखार से मौत होने तथा छह से ज्यादा के बीमार होने से हड़कंप मचा है। गांव के जनप्रतिनिधियों ने डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग से मांग की है। वहीं कस्बे में भी डेंगू से पीड़ित मिले हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ रहे कक्षा 6 के छात्र अंश यादव (10) डेंगू से पीड़ित था। जिसे जिला अस्पताल के बाद कानपुर रेफर किया गया था। इसी तरह रामेश्वर (47) भी बुखार से प्रभावित था। जिला अस्पताल में जांच के बाद उसे भी कानपुर भेजा गया था। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को अंश यादव व मंगलवार को रामेश्वर की मौत हुई। गांव के संदीप धुरिया, विनोद, भूरा कुशवाहा सहित अन्य लोग बुखार से पीड़ित होने पर इलाज करा रहे हैं। प्रधान कामता वर्मा तथा पूर्व ग्राम प्रधान महेश शिवहरे ने डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने की मांग की है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.महेश चंद्रा ने कहा उन्हें मृतकों की जानकारी नहीं है। सफाई व दवा छिड़काव की जिम्मेदारी प्रधान व सचिव की है। फिर भी अगर कहीं प्रभावित लोग निकलते हैं, तो वहां टीम भेजकर इलाज किया जाएगा।
उधर, इंगोहटा, विदोखर, मवई जार, बांक में डेंगू मरीज मिलने के बाद कस्बे के बसंत नगर निवासी प्रियम (14) पुत्र मनोज कुशवाहा में डेंगू बुखार की पुष्टि सदर अस्पताल में जांच के बाद हुई है। सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीएचसी के चिकित्सक डॉ.परवेज कादरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मरीज के घर के आस-पास छिड़काव कराकर लोगों को डेंगू बुखार से बचाव के तरीकों से अवगत कराया।