भरुआसुमेरपुर। कस्बे में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो मंजिला छात्रावास में संचालित 150 बेड के एल-वन हॉस्पिटल में मरीजों को ऑक्सीजन आदि के सभी इंतजाम हैं। मौजूदा समय में इस हॉस्पिटल में महज 7 मरीजों का इलाज चल रहा है। अगले सप्ताह इनके भी स्वस्थ होकर घर जाने की उम्मीद है। वहीं इधर कुछ दिनों से क्षेत्र व जिले में कोरोना मरीजों की संख्या नगण्य है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है अगले सप्ताह के बाद एल-वन हॉस्पिटल में मरीजों की संख्या नगण्य हो जाएगी और सभी बेड खाली हो जाएंगे।
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर 16 अप्रैल को कस्बे के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के दो मंजिला छात्रावास को एल-वन हॉस्पिटल में तब्दील कर सभी सुविधाओं से लैस किया गया था। यहां पर सैकड़ों लोग भर्ती हुए थे, लेकिन मौजूदा समय में संक्रमण की रफ्तार कम होने से महज 7 मरीज ही बचे हैं। इनके अगले सप्ताह डिस्चार्ज होने की पूरी उम्मीद है।
संक्रमण की रफ्तार इसी तरह रही तो अगले सप्ताह यह हॉस्पिटल पूरी तरह से खाली हो जाएगा। एल-वन हॉस्पिटल के प्रभारी डिप्टी सीएमओ डा. महेश चंद्रा ने बताया यहां 150 मरीजों को भर्ती करने के सभी तरह की व्यवस्था हैं। मई माह के प्रथम सप्ताह में कुछ बेड को छोड़कर ज्यादातर भरे रहे। मई माह के अंतिम सप्ताह में ज्यादातर बेड खाली ही रहे हैं। मौजूदा समय में 143 बेड खाली है। यहां पर भर्ती सभी मरीजों की सेहत में सुधार है। यहां भर्ती हुए किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है।