हमीरपुर। कोरोना की तीसरी लहर से बचाने के लिए सरकार ने बड़ी राहत दी है। 210 लाख रुपये की धनराशि मेडिकल उपकरण, दवाएं, टेस्टिंग किटें व पीपीई किटें खरीदने के लिए जारी की है।
शासन ने करोना की तीसरी लहर को देखते अति आवश्यक मेडिकल उपकरण आदि की खरीद के लिए दो अलग-अलग बजट दिए हैं। एक में दस लाख व दूसरे में 200 लाख की धनराशि आवंटित की है। आवंटित धनराशि का उपयोग करोना वायरस को देखते हुए प्रभावित जनपदों में कोविड-19 के नियंत्रण के लिए कोविड जांच, सैंपल कलेक्शन, चेकिंग, स्क्रीनिंग, परीक्षण के लिए अतिरिक्त प्रयोगशाला स्थापित करने, टेस्टिंग किट, पीपीई किट, एंबुलेंस सेवा, कंटेनमेंट जोन, कोविड-19 हॉस्पिटल, कोविड-19 केयर सेंटर की स्थापना आदि कार्य में किया जाएगा। इसके साथ ही दवाएं, एन-95 मॉस्क, होम मेडिकल किट, ऑक्सीजन सिलिंडर आदि भी खरीदे जाएंगे।
अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने डीएम को निर्देश दिए हैं कि औषधियों एवं मेडिकल उपकरणों की खरीद में स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों एवं वित्तीय नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा। जिन कार्यों के लिए एनएचएम में धनराशि उपलब्ध है। उन मदों में इस धनराशि का व्यय नहीं किया जाएगा। उक्त स्वीकृत धनराशि का व्यय जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित 6 सदस्यीय समिति जिसमें सीएमओ, सीडीओ, प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, कोषाधिकारी की संस्तुति पर किया जाएगा।
तीसरी लहर को लेकर बनेगा आईसीयू
सीएमओ डा. आरके सचान ने बताया कोविड की संभावित तीसरी लहर से पहले ही विभाग तैयारियों में जुटा है। महिला अस्पताल में बच्चों के लिए आईसीयू वार्ड बनाया जाएगा। वहीं छानी, नौरंगा, मौदहा व मुस्करा सीएचसी को कोविड हॉस्पिटल में बदला जाएगा। ऑक्सीजन की सुविधाएं भी राठ समेत अन्य सीएचसी में की जाएगी। कोविड को लेकर शासन से बजट मिला है। जिसमें मेडिकल उपकरणों और दवाओं के साथ ही अन्य सामग्री का इंतजाम किया जा रहा है।