हमीरपुर। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की खराब रैंकिंग और स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाल व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने नाराजगी जताई। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीएम डैशबोर्ड पर स्वास्थ्य विभाग की खराब रैंकिंग की समीक्षा की गई। डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पानी की उपलब्धता, जर्जर भवन, क्षतिग्रस्त इमारतों, बाउंड्रीवाल और शौचालयों की खराब स्थिति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों का बुनियादी ढांचा दुरुस्त कराने और मानव संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायतों के सहयोग से स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक मरम्मत व सुदृढ़ीकरण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। बायोमीट्रिक उपस्थिति और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी निगरानी के निर्देश दिए गए। सुमेरपुर और कुरारा स्वास्थ्य केंद्रों की रिपोर्टिंग की समीक्षा कर सुधार के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अरुण कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।