बिवांर (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के सायर गांव में एक किसान के घर से चोरों ने जेवर व नकदी पार कर दी। घटना के समय किसान व उसके परिवार के घर में सो रहे थे, लेकिन किसी को चोरों के आने-जाने की भनक तक नहीं लगी। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। किसान ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
सायर गांव निवासी कृष्णकुमार यादव उर्फ रामजी खेतीबाड़ी करते हैं। सोमवार की रात उन्होंने परिवार के लोगों के साथ खाना खाया। इसके बाद सभी सोने के लिए चले गए। कृष्ण कुमार भी नींद की गोली खाकर सो गए। देर रात चोर पीछे के रास्ते से उनके घर में घुस आए। उसके बाद कमरे व बक्से का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात पार कर जिस रास्ते में घर में घुसे थे, उसी रास्ते से भाग गए। मंगलवार की सुबह कृष्ण कुमार और उनके परिवार के लोगों की नींद खुली। तब उन लोगों को घर में चोरी होने का पता चला। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने जांच की।
कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि चोर आठ लाख रुपये कीमत के जेवरात व 70 हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं। इधर, थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह का कहना है कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि सायर गांव संवेदनशील होने की वजह से वहां प्रतिदिन पुलिस टीम गश्त करती है। जिस स्थान पर चोरी हुई है वहां पुलिस टीम ने गश्त के दौरान रात 10 बजे सीटी बजाई, लेकिन किसान और उसके परिजनों ने आवाज नहीं सुनी। बकौल थानाध्यक्ष प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कृष्ण कुमार के परिवार का एक सदस्य आईपीएल में सट्टा खेलता है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी घटना का खुलासा किया जाएगा।