सुमेरपुर में बस स्टैंड के पास हाईवे पर खड़े आटो।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर। बस स्टैंड का जाम खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। स्टैंड पर पूरे दिन अॅाटो की आड़ी-तिरछी कतारें लगी रहती हैं। इलाकाई लोगों का कहना है कि पुलिस जाम हटवाने का कोई प्रयास नहीं करती है। कुछ दिन पूर्व आईजी ने जितने इंतजाम किए थे, वे भी धरे रह गए। ड्यूटी पर सिपाही होने के बाद भी जाम लगा रहता है।
बता दें कि चित्रकूट धाम मंडल के आईजी के.सत्यनारायण ने बीती 30 दिसंबर को कस्बे का भ्रमण कर बस स्टैंड सहित आसपास की स्थिति का जायजा लिया था। अॅाटो व अन्य सवारी वाहनों के लिए बस स्टैंड से अलग स्टैंड बनाने के निर्देश दिए थे। मुख्यालय की ओर जाने वाले वाहनों को डाक बंगले के सामने, बांदा रोड पर चलने वाले वाहनों को ठडेश्वरी आश्रम के आगे व मौदहा व बांकी नदेहरा आदि मार्गों में जाने वाले वाहनों को पशु बाजार से सवारियां भरने के निर्देश दिए थे।
इस पर वाहनों के स्टैंड अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए। ई-रिक्शा पर भी नंबर अंकित कर उन्हें एक स्थान पर खडे़ होने की मनाही की गई थी। ताकि कस्बा जाम से मुक्त रह सके। आईजी का तबादला होते ही 25 दिनों पहले बनाई गई व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई। थानाध्यक्ष रामेंद्र तिवारी ने बताया कि जो व्यवस्था बनी थी, उसी पर अमल हो रहा है। यदि स्टैंड के पास से सवारियां भरी जा रही हैं तो ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।