बिवांर। महोबा के कबरई थानाक्षेत्र से बीमार रहने पर झाड़फूंक कराने आई महिला के साथ तांत्रिक ने छेड़खानी की। पीड़िता ने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
महिला ने बताया कि लोगों से जानकारी मिलने पर पिछले बुधवार को खड़ेहीजार गांव में तांत्रिक बाबा के पास भतीजे के साथ आई थी। बताया तांत्रिक बाबा ने भतीजे को पूजा का सामान लेने मवईजार भेज दिया। उसी दौरान तांत्रिक ने उसका हाथ पकड़कर कमरे के अंदर जबरन घसीटकर ले गया और अश्लीलता करने लगा। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। वह आरोपी तांत्रिक से जैसे-तैसे छूटकर कमरे से बाहर भागी तो बाबा भी पीछे भागकर आया। रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने उसे बचाया।
पीड़िता ने यूपी 112 पुलिस को फोन पर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। वहीं, उसके भतीजे के वापस आने पर उसने पूरी घटना बताई। महिला ने तांत्रिक के खिलाफ छेड़खानी कर मारपीट करने की तहरीर दी है। वहीं, थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर मिली है। तांत्रिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।