फोटो 20 एचएएमपी 47 राठ के बंगरा में चोरी की जानकारी देता पीड़ित शत्रुघन
60 हजार की नगदी सहित लाखों के जेवरात चोरी
छज्जे के रास्ते घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़ दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
राठ। घर में घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़ कर वहां रखे 60 हजार रुपये नगद सहित लाखों रुपये कीमती जेवरात पार कर दिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
चिकासी थाने के बंगरा गांव निवासी शत्रुघन सिंह राजपूत पुत्र बद्री प्रसाद ने बताया कि गांव में उसके दो मकान हैं। एक मकान में परचून की दुकान कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। जबकि दूसरे मकान में परिवार सहित रहता है। बताया कि गुरुवार रात दुकान बंद कर अपने घर में परिजनों के साथ सो गया था। तभी छज्जे के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे में अनाज में छिपा कर रखे करीब चार तोला सोने व अठारह तोला चांदी के जेवरात सहित 60 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। सुबह नींद से जागने पर कमरे का टूटा ताला व बिखरा सामान देख परिजनों के होश उड़ गए। चिकासी थानाध्यक्ष आरके पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी है। जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई करेंगे।