राठ सीएचसी में स्टाफ के सैंपल लेते लैब टेक्नीशियन।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। राठ नगर की सीएचसी में कार्यरत एक वार्ड ब्वाय सहित चार लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, कस्बा निवासी सऊदी अरब से लौटा प्रवासी भी संक्रमित मिला। उधर, कुरारा के रिठौरा में वृद्ध संक्रमित निकला है।
राठ सीएचसी में तैनात धमना गांव निवासी वार्ड ब्वाय एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। शुक्रवार को उसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके बाद सीएचसी की ओपीडी सेवाएं ठप कर सैनिटाइज किया गया है। अधीक्षक डॉ. आरके कटियार ने बताया कि पूरे स्टाफ के सैंपल जांच को भेजे जा रहे हैं। वहीं नगर के ही पठानपुरा निवासी 37 वर्षीय युवक, मुगलपुरा निवासी 50 वर्षीय अधेड़ व चरखारी रोड निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। कुरारा क्षेत्र के रिठौरा गांव निवासी 67 वर्षीय वृद्ध भी कोरोना संक्रमित मिला है। यह वृद्ध पिछले हफ्ते कानपुर से लौटा था। सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कालेज बांदा भेजा गया है।
वहीं राठ कस्बा निवासी एक प्रवासी की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। सऊदी अरब से लौटा यह व्यक्ति कानपुर में उपचार करा रहा है। एसडीएम अशोक यादव ने कहा कि उक्त व्यक्ति की जांच ट्रूनेट मशीन से हुई है। इसमें वह संक्रमित पाया गया है। सीएमओ डॉ. आरके सचान ने कहा कि वह कानपुर में भर्ती मरीज की सूचना आई है। कहा कि उसका मोबाइल नंबर बंद होने से उसके संबंधित मोहल्ले की जानकारी नहीं हो पा रही है। कहा कि जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 107 पहुंच गई हैं, जिसमें 77 निगेटिव हो चुके हैं।