मौदहा (हमीरपुर)। सिसोलर थानाक्षेत्र के खैर बक्छा गांव में बुधवार की शाम केन नदी में डूबे युवक का शव 40 घंटे बाद बांदा के पैलानी गांव के पास नदी किनारे से बरामद किया। शव को जलीय जीवों ने नोंचकर क्षत विक्षत कर दिया। मृत युवक के भाई ने कपड़ों से शव की पहचान की है। बांदा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे खैर का डेरा निवासी लालमन निषाद (32) पुत्र जागेश्वर मछली का शिकार करने केन नदी गया था। जहां मछली का शिकार करने के बाद शाम लगभग 6 बजे वह घर वापस आते समय पैर फिसलने से नदी में डूब गया। सिसोलर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। लेकिन रात होने की वजह से निराश होकर उसे मरा समझ लौट आए। इसके बाद गुरुवार की सुबह पुन: उसकी तलाश में गोताखोरों को लगाया गया और 10 किमी दूर तक उसकी तलाश की गई। लेकिन दिन भर तलाश करने के बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। केन नदी के किनारे वाले गांवों में इसकी सूचना दी गई। शुक्रवार को बांदा जनपद के पैलानी गांव के निकट पुल के पास एक शव की जानकारी हुई। कोतवाल उमापति मिश्रा ने बताया कि लालमन के परिजनों को शव की शिनाख्त के लिए भेजा गया। उसके भाई मिल्ला ने शव के कपड़ों से उसे अपने भाई के रूप में उसकी शिनाख्त की।