हमीरपुर में खाद के लिए सहकारी समितियों में मारामारी जारी है। खाद लेने के लिए किसान सोमवार सुबह 5 बजे से ही लाइनों पर खड़े हो जाते हैं। लेकिन सुबह 10 बजे समितियों के खुलने के बाद ही किसानों को खाद मिल पाती है। तब तक लाइनें और लंबी हो जाती हैं।
मौजूदा समय में रबी फसल की बुवाई का समय चल रहा है। खाद की किल्लत से किसान परेशान हैं। वहीं सहकारी समितियों में खाद न होने से किसानों में हाहाकार मचा हुआ है।
रविवार को समितियों के बंद रहने से किसानों को खाद नहीं मिल सकी। इसलिए सोमवार को सुबह 5 बजे से ही किसान खाद लेने के लिए समितियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो गए हैं।
लेकिन सुबह 10 बजे के बाद ही समितियां के खुलने पर किसानों को खाद मिल सकेगी। सुमेरपुर कस्बे के पीसीएफ केंद्र प्रभारी ने बताया कि उनके पास सिर्फ 400 बोरी खाद आई है। जिसका वितरण कार्यालय समयानुसार शुरू किया जाएगा।