फोटो10एचएएमपी 34- रन लेने के लिए दौड़ते बल्लेबाज। संवाद
गहरौली (हमीरपुर)। क्षेत्र के तगारी गांव में चल रही स्वर्गीय भान सिंह क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को गुसियारी टीम ने उमरी को रोमांचक मुकाबले में 27 रन से हरा दिया। मैच के हीरो अकबर रहे। जिन्होंने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में जोरदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की वाहवाही लूटी। मैदान पर पांच छक्के लगाए और विपक्षी टीम के छह विकेट झटक लिए।
मंगलवार को खेले गए मुकाबले में गुसियारी टीम के कप्तान अफजल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में नौ विकेट खोकर 140 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। गुसियारी की ओर से अकबर ने 20 गेंदों में पांच छक्कों की मदद से सर्वाधिक 42 रन बनाए। एक समय टीम की रनगति तेजी से बढ़ रही थी तभी उमरी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। महेंद्र ने तीन विकेट और देव कुमार ने चार विकेट हासिल करके रनों पर अंकुश लगाने का प्रयास किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी उमरी टीम गुसियारी की सधी हुई गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 10 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई। शुरूआत तो उमरी की ओर से भी तेज हुई। रोहित ने 16 रन बनाए, अखिलेश ने 26 रनों की पारी खेली। अतर सिंह ने 20 रन बनाए। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने की वजह से लक्ष्य को नहीं भेद सके। अकबर ने छह विकेट लेकर उमरी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इस तरह गुसियारी ने मुकाबला 27 रन से जीत लिया।
मैच में अंपायर की भूमिका शाहरुख और राघवेंद्र ने निभाई, जबकि संजय यादव ने कमेंट्री की। मैच रेफरी वरुण रहे। तगारी टीम के कोच भी आयोजन में मौजूद रहे।