आयुष्मान की तर्ज पर होगा सरकारी कर्मचारियों का इलाज
इलाज के बाद सरकार की ओर से अस्पताल को सीधे होगा भुगतान
सुरेश कुमार
हमीरपुर। सरकार अब आयुष्मान कार्ड की तर्ज पर सरकारी कर्मचारियों के इलाज की तैयारी कर रही है। इसके लिए जनपद में सरकारी कर्मचारियों की जानकारी सीएमओ से मांगी गई है। नई व्यवस्था के तहत इलाज का भुगतान अब सरकार की ओर से होगा।
अभी तक सरकारी कर्मचारी अपना व परिवार का इलाज प्राइवेट अस्पताल में इलाज करा कर दवाओं और जांचों का बिल सीएमओ को देते हैं। उनके हस्ताक्षर के बाद सरकार की ओर से कर्मचारियों के खाते में रुपये आ जाते हैं।
नई व्यवस्था के तहत कार्ड में पंजीकृत अस्पताल में कर्मचारी व उनका परिवार जाकर इलाज करा सकता है। अस्पताल की ओर से पूरा बिल शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद अपर सीएमओ स्तर के अधिकारी की रिपोर्ट लगने के बाद अस्पताल प्रबंधन को भुगतान होगा। (संवाद)
सरकार की ओर से आयुष्मान की तर्ज पर सरकारी कर्मचारियों को इलाज की कैशलेस सुविधा दी जानी है। इसके लिए शासन की ओर से सरकारी कर्मचारियों की डिटेल मांगी गई है। इसे तैयार कर जल्द भेजा जाएगा।
डा.एके.रावत मुख्य चिकित्साधिकारी।