गहरौली (हमीरपुर) कस्बे में चल रहे स्वामी ब्रह्मानंद क्रिकेट टूर्नामेंट का शुक्रवार को समापन हो गया। गहरौली की टीम ने बिवांर को 20 रनों से पराजित कर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीम पुरस्कार दिया।
बिवांर टीम के कप्तान प्रदीप विश्वकर्मा ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। गहरौली टीम के ओपनर बल्लेबाज प्रियांशु ने 19 रन और रविंद्र साहू ने 35 रन बनाकर मजबूत शुरुआत दी। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी को आए रोहित रोरा ने 48 रन का योगदान दिया। इसके बाद राणा सिंह ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए तेज 49 रन बनाए। प्रशांत यादव ने 25 रन बनाए। 20 ओवर में टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाकर बिवांर को जीत के लिए 201 का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिवांर की शुरुआत शानदार रही।
ओपनर बल्लेबाज राहुल ने 6 छक्के लगाकर 75 रन की ताबड़तोड पारी खेली। आकाश ने भी 45 रन का योगदान दिया। आदित्य ने 20 रन बनाए। इन सभी के प्रयास सफल नहीं हो सके। पूरी टीम 180 रन बनाकर आउट हो गई। गहरौली ने 20 रनों से मुकाबला जीत लिया। गहरौली के तरुण व प्रशांत ने तीन-तीन विकेट लिए। अंशु ने दो विकेट झटके। गहरौली टीम के कोच शरद द्विवेदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। मैन ऑफ़ द मैच आकाश और मैन ऑफ दी सीरीज का पुरस्कार राहुल को मिला। मुख्य अतिथि रिषभ राजपूत ने विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कार व शील्ड देकर सम्मानित किया। कमेंटेटर उमाकांत तिवारी को भी पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर अमर सिंह बाबा, योगेंद्र कुमार राजपूत, धर्मपाल राजपूत, अरविंद राजपूत मौजूद रहे।