फोटो 02 एचएएमपी 34- इचौली गांव में अवैध परिवहन पर ट्रैक्टरों की जांच करते खनिज निरीक्षक। संवाद
मौदहा। खनिज विभाग और पुलिस ने रविवार सुबह इचौली-खन्ना मार्ग पर संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान बिना रवन्ना गिट्टी व डस्ट का परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गए।
खनिज निरीक्षक उमाकांत ने पुलिस टीम के साथ इचौली रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहनों की जांच की। जांच में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिट्टी और दो में डस्ट लदी मिली। चालकों से परिवहन संबंधी दस्तावेज और रवन्ना मांगा गया, परंतु वे कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। खनिज विभाग ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर पुलिस चौकी को सौंप दिया। उप जिलाधिकारी करनवीर सिंह ने बताया कि अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।