हमीरपुर। जिले में भूगर्भ जलस्तर को ऊपर उठाने और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लघु सिंचाई विभाग चार नए चेकडैमों का निर्माण कराएगा। इस परियोजना पर विभाग 1.07 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च करेगा। चेकडैमों के निर्माण से खेतों में सिंचाई की व्यवस्था सुदृढ़ होगी जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
जिले में भूगर्भ जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है जिसके कारण निजी और राजकीय नलकूप भी ठप होते जा रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए शासन ने जिला योजना अंतर्गत वर्षा जल संचयन कराने के लिए चेकडैमों के निर्माण को मंजूरी दी है। ये चेकडैम वॉटर रिचार्जिंग बढ़ाने में सहायक साबित होंगे। हालांकि वर्ष 2025 और 2026 में हुई अच्छी बारिश के चलते जलस्तर में कुछ सुधार देखा गया है। जनपद के कुरारा ब्लॉक को छोड़कर सुमेरपुर और मौदहा ब्लॉक सुरक्षित जोन में शामिल हो गए हैं और भूगर्भ जलस्तर में सुधार के चलते ये डार्कजोन से बाहर आ गए हैं। राठ, गोहांड, मुस्करा और सरीला ब्लॉकों में भी जलस्तर बढ़ा है जबकि कुरारा ब्लॉक का जलस्तर गिरा है।
इन स्थानों पर होगा निर्माण
-सुमेरपुर ब्लॉक के पारा रैपुरा में 32.15 लाख रुपये की लागत से चेकडैम बनेगा।
-कुरारा ब्लॉक के शेखूपपुर में 26.28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
-बचरौली में 29.63 लाख रुपये की लागत से चेकडैम बनेगा।
-सरीला के जिटकरी में 19.82 लाख से चेकडैम का निर्माण कराया जाएगा।
वर्जन-
चार चेकडैमों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और इनकी निविदाएं निकाली गई हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - मृत्युंजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई विभाग