फोटो 19 एचएएमपी 47- नैठी गांव में आग बुझाते दमकल कर्मी व ग्रामीण। संवाद
कुरारा। थानाक्षेत्र के पतारा गांव के मजरा नैठी में मंगलवार दोपहर गांव के बाहर कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते पांच मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से एक गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
दोपहर करीब 12 बजे लगी आग ने विजभान अहिरवार, छोटेलाल अहिरवार, धनीराम अहिरवार, मनीराम अहिरवार और चंद्रकली (पत्नी स्व. रामदयाल) के घरों को नुकसान पहुंचाया। आग लगने से घरों में रखा अनाज, राशन, कपड़े, बर्तन, चारपाई और पशुओं का चारा जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवारों की जमा पूंजी और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। दो मवेशियों की भी जलकर मौत हो गई जबकि धनीराम अहिरवार के घर में रखा गैस सिलिंडर फट गया। ग्रामीणों ने किसी तरह अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई।
घटना की सूचना लगभग एक घंटे बाद दमकल विभाग को मिली जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक पांच घर पूरी तरह जल चुके थे। लेखपाल मोनी गौर ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और रिपोर्ट प्रशासन को भेजने की बात कही है। सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक कुमार और नायब तहसीलदार रमेशचंद्र भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से जिला पूर्ति विभाग को पीड़ित परिवारों को 15 दिनों का राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल वाहन रवाना कर दिए गए थे और आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।