राठ। नगर के पड़ाव चौराहे रानीगेट के पास सोमवार रात केबल में फाल्ट होने से दुकानों के बाहर बने छप्परों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। दुकानदारों ने विद्युत विभाग पर आरोप लगा एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। कोटबाजार रानीगेट के बृजविहारी शास्त्री, रामसरन साहू, राममिलन, दीपक कुमार, शिवकुमार, रमजान, इमरान, जयराम आदि ने बताया दुकानों के बाहर लगे विद्युत पोल की केबल एक माह में तीन बार जल कर नीचे गिर चुकी है।
सोमवार रात करीब पौने तीन बजे अचानक केबल जल कर नीचे गिर गई। जिससे दुकानों के बाहर बने छप्परों ने आग पकड़ ली। दुकानदारों का आरोप है ठेकेदार ने घटिया किस्म की केबल डाली है। जो आए दिन जल कर गिर जाती है। दुकानदारों ने अच्छी केबल डाले जाने की मांग की है। एसडीएम अशोक यादव ने अधिशाषी अभियंता विद्युत को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। (संवाद)