-सिकंदरपुरा मोहल्ले की घटना, शराब पीकर पहुंचा था घर
संवाद न्यूज एजेंसी
राठ। घर में बेटी के जन्म दिन का केक काटा जा रहा था और पिता ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटी के जन्म दिन पर युवक शराब पीकर घर पहुंचा था।
नगर के सिकंदरपुरा मोहल्ला निवासी सुरेंद्र श्रीवास ने बताया कि बुधवार को उनकी नातिन वैष्णवी (8) का जन्म दिन था। देर शाम घर में जन्म दिन मना रहे थे। तभी उनका बड़ा बेटा व वैष्णवी का पिता संदीप (35) शराब पीकर घर पहुंचा। बेटी की खुशियों का ध्यान रखते हुए परिजनों ने उसे कमरे में जाने को कहा।
इस दौरान संदीप ने कमरे में पंखे पर कपड़े से फंदा लगा लिया। केक काटने के बाद परिजन संदीप को खाने के लिए बुलाने पहुंचे। जहां वह फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सुरेंद्र ने बताया कि बेटा हाथ ठेले पर फास्टफूड बेचता था। बताया कि 26 फरवरी को उनके छोटे बेटे सुनील ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। युवक की मौत पर मां संतोषी, पत्नी पूनम, बेटी वैष्णवी व पलक का रो रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
बस व पिकअप की टक्कर में चार घायल
राठ। पनवाड़ी मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम रोडवेज बस व पिकअप में जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस सवार चार लोग घायल हुए हैं।
महोबा जनपद के पनवाड़ी निवासी कुरैशा (35) पत्नी राजू ने बताया कि जरिया थाने के छिबौली गांव में भाई शरीफ की शादी थी। वह अपने बेटे फिरोज (9) के साथ शादी में शामिल होने गईं थीं। बृहस्पतिवार शाम बेटे के साथ रोडवेज बस से घर लौट रहीं थीं। पनवाड़ी मार्ग पर बसेला गांव के पास पिकअप की रोडवेज से भिड़त हो गई। बताया कि फिरोज सहित बस में सवार बुढ़ेरा के महिपाल (65), अजनर के अमरलाल (40) व एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को सीएचसी में भर्ती कराया। डॉ माजिद ने बताया कि फिरोज को मेडिकल कालेज उरई रेफर किया है। (संवाद)