बस स्टॉप तिराहे पास जाम लगाए किसान।
- फोटो : अमर उजाला
किसान समस्या और भाकियू नेताओं पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग कर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन ने लाठी डंडा लेकर बस स्टॉप तिराहे पर जाम लगा दिया। तहसीलदार के आश्वासन के बाद किसान वहां से हटे।
मंगलवार को भाकियू जिलाध्यक्ष निरंजन सिंह राजपूत की अगुवाई में किसानों ने कलेक्ट्रेट में पंचायत की। जिसमें किसानों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि समूचा बुंदेलखंड अकालग्रस्त है। उन्होंने किसानों के सभी प्रकार के कर्जे और पुराने बिजली के बिल माफ करने, वंचित किसानों को आपदा राहत की चेकें देने, जनवरी में किसान नेताओं पर दर्ज मुकदमे को समाप्त करने की मांग की।
कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिल जाता प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके बाद किसान कलेक्ट्रेट से नारेबाजी करते हुए बस स्टॉप तिराहा पहुंचे और जाम लगा दिया। किसानों ने नारेबाजी की। सीओ सदर सीताराम ने किसान नेता को समझाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे बाद तहसीलदार सालिकराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। मौके पर ललपुरा, सुमेरपुर थाना और कोतवाली पुलिस तैनात रही। प्रदर्शन के दौरान महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष विशेखा राजपूत, बीरपाल, रामगोपाल, कबीरुददीन, गौरीशंकर, रमेशचंद्र, वीरेंद्र तिवारी, सुखिया, शैलकुमारी, शांती, महेश्वरीदीन आदि मौजूद रहे।