फोटो 22 एचएएमपी 15- राठ पनवाड़ी रोड पर गल्ला मंडी के सामने जाम लगाए किसान। संवाद
राठ (हमीरपुर)। कृषि गल्ला मंडी में अनाज की तौल के दौरान एक बोरी पर तय मात्रा से अधिक गल्ला लेने पर किसानों ने बृहस्पतिवार को हंगामा कर दिया। आक्रोशित किसानों ने मंडी गेट के सामने पनवाड़ी रोड पर जाम लगा दिया। एसडीएम चित्रा निर्वाल और तहसीलदार दिलीप सिंह ने किसानों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। बाद में अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ बैठक कर बातचीत की।
किसान रामजीवन, नीरज कुमार, पुष्पेंद्र शुक्ला, प्यारेलाल, रामबाबू, शीतल प्रसाद, रामपाल, ब्रजकिशोर आदि ने बताया कि मंडी में फसल बेचने पर व्यापारी पहले प्रत्येक बोरी में 600 ग्राम अतिरिक्त गल्ला लेते थे। आरोप है कि बृहस्पतिवार से 600 ग्राम के अतिरिक्त एक किलोग्राम और गल्ला देने की मांग की जाने लगी। इससे किसानों को नुकसान होने की आशंका हुई। किसानों ने इसका विरोध करते हुए मंडी गेट के सामने पनवाड़ी रोड पर जाम लगा दिया।
किसानों का कहना था कि फसल की लागत और मेहनत के बाद भी यदि तौल में अतिरिक्त गल्ला लिया जाएगा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। बताया कि अनाज नकद बेचते हैं लेकिन भुगतान 15 दिन से लेकर एक माह देरी से मिलता है। इसी को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ गई। जाम की सूचना पर पहुंची एसडीएम और तहसीलदार ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाया जिसके बाद जाम खुल सका। इस दाैरान करीब आधा घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दाैरान मंडी सचिव राजेश कुमार, कानूनगो सुरेश कुमार यादव, क्राइम इंस्पेक्टर चंद्रशेखर पुलिस फोर्स के साथ माैजूद रहे।
फोटो 22 एचएएमपी 15- राठ पनवाड़ी रोड पर गल्ला मंडी के सामने जाम लगाए किसान। संवाद