बिवांर थानाक्षेत्र के सायर गांव में खेतों में बिजली
गिरने से अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम
को भेजा है। वहीं दैवीय आपदा के तहत प्रशासन परिजनों को पांच लाख रुपये की
चेक देगा।
सायर गांव के डेरा निवासी कल्लू प्रजापति रविवार को बजेहटा
गांव रिश्तेदारी में गया था। वहां से लौटकर आने पर कल्लू अरतरा में उतर
गया। वहां से पैदल आकर वह अपने खेतों पर जाकर फसल देखने लगा। इस बीच बारिश
होने लगी।
मृतक के भाई किशोरी ने बताया कि भोदी के डेरा में बरसात के साथ
आकाशीय बिजली गिरी, घटना के समय उसका भाई पेड़ के नीचे खड़ा था। बताया कि
गाज गिरने से उसकी मौत हो गई। डेरा निवासी भोदी ने उसे घटना की जानकारी दी।
तब वे लोग पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे
में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं सूचना मिलने पर मौदहा तहसीलदार
राजेश कुमार व गांव में तैनात लेखपाल ने परिजनों के पास पहुंचकर ढांढस
बंधाया और दैवीय आपदा के तहत पांच लाख रुपये की चेक दिए जाने का आश्वासन
दिया।
गौरतलब हो कि किसान की तीन बेटियां विवाह योग्य है। आकाशीय बिजली
गिरने से घर के मुखिया की मौत होने पर परिवार में कोहराम मचा है।