जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ठंड की चपेट में आकर भर्ती मरीज।
- फोटो : जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ठंड की चपेट में आकर भर्ती मरीज।
हमीरपुर। सुबह से कोहरा छाए रहने व दिनभर सूर्यदेव के दर्शन न होने से शनिवार को कड़ाके की ठंड रही। गलनभरी सर्दी में लोग कांपते नजर आए।
वहीं सर्दी लगने से हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल लाए गए जनपद फतेहपुर के किसान को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को एक डिग्री बढ़कर 13.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया।
शनिवार को करीब दस बजे कोहरा छटने के बाद भी दिनभर धुंध छाई रही। धूप न निकलने के कारण लोग सर्दी से बेहाल दिखाई दिए। शनिवार को जिला अस्पताल 304 मरीज पहुंचे। इनमें करीब डेढ़ सौ मरीज सर्दी, खांसी व जुकाम से पीड़ित रहे।
वहीं फतेहपुर जनपद के चांदपुर थानांतर्गत दपसौरा गांव निवासी किसान रामकरन (58) को उनके परिजन जिला अस्पताल लाए थे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे सुनील कुमार ने बताया कि पिता के नाम चार बीघा खेत है। शुक्रवार को पिता खेत में पानी लगाकर घर लौटे तो उनकी अचानक हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।