हमीरपुर। सिसोलर थानाक्षेत्र में भैंसमरी व छानी गांव के बीच शुक्रवार देर शाम कोहरे के चलते एक बाइक बेकाबू होकर खाई में गिर गई। इसमें बाइक सवार चाचा की मौत हो गई।
घायल भतीजे ने बताया कि ठंड में चाचा का शरीर अकड़ने से बाइक बेकाबू हो गई थी। युवक अपने भतीजे के साथ बाइक से बहन के यहां खिचड़ी देने जा रहा था।
बांदा जनपद के पैलानी थानांतर्गत के खप्टिहा गांव निवासी धर्मेंद्र (28) बाइक से अपने भतीजे सुधांशु (13) के साथ सिसोलर थानाक्षेत्र के छानी गांव अपनी बहन के यहां जा रहा था। जैसे ही वह भैंसमरी व छानी गांव के बीच पहुंचे, तभी उनकी बाइक बेकाबू होकर खाई में चली गई और वहां पेड़ से टकरा गई।
इससे बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। सूचना पर आए बहन के परिजन उसे मौदहा सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सुधांशु हो हल्की चोटें होने के चलते उसका इलाज चल रहा है।
सुधांशु ने बताया कि चाचा हेलमेट पहने थे। कोहरे व सर्दी के चलते शरीर अकड़ने से बाइक बेकाबू होकर खाई में चली गई। इसके बाद पेड़ से टकरा गई। इससे चाचा की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र मजदूरी करता था।