फोटो 04 एचएएमपी 15- मृतक शिवपाल। स्रोतः परिजन
गोहांड (हमीरपुर)। जरिया थाने के पतखुरी गांव में किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दामाद ने आरोप लगाया कि पड़ोसियों द्वारा चोरी के आरोप में फर्जी फंसाने व मारपीट करने से आहत होकर आत्महत्या की है।
राठ कस्बे के सिकंदरपुरा मोहल्ला चरखारी रोड निवासी सियाराम लोधी ने बताया कि पतखुरी गांव में उनकी ससुराल है। ससुर शिवपाल की बेटी ही उनकी देखभाल करती थीं। आरोप लगाया कि पड़ोसी कई साल से ससुर पर मकान बेचकर बेटी के पास जाने का दबाव बना रहे थे। जब ससुर ने मकान बेचने से मना किया तो उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।
बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोसी के ट्रैक्टर की बैटरी चोरी हो गई। पड़ोसियों ने उनके ससुर को चोरी में फंसा दिया और थाने में शिकायत कर दी। आरोप लगाया कि ससुर को पकड़कर मारपीट की और थाने ले गए। थाना पुलिस ने उन्हें रात भर थाने में रखा और एक अक्तूबर की सुबह चालान कर दिया था। शिवपाल अपने ऊपर लगे फर्जी आरोप व बेइज्जती को सहन नहीं कर पाए। बताया कि शनिवार शाम उन्होंने रोशनदान में साड़ी से फंदा लगा लिया। जब तक परिजनों को जानकारी हुई उनकी मौत हो गई थी। सियाराम ने बताया कि ससुर के नाम पर एक बीघा कृषि भूमि है। कुछ भूमि पत्नी संपत रानी के नाम पर भी है। दोनों पति पत्नी खेती करते थे। अपने पीछे बेटियों विनीता, सुनीता व सरतना को छोड़ गए हैं। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि मृतक शराब का लती था। पांच दिन पहले नशे में पड़ोसी से विवाद किया था। जिसपर शांति भंग में चालान किया गया था। कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।