फोटो 03 एचएएमपी 18- मुस्करा नवीन गल्ला मंडी परिसर के किसान नीलामी चबूतरों पर से हटा अतिक्रमण।
मुस्करा (हमीरपुर)। कस्बा स्थित नवीन गल्ला मंडी परिसर में किसान नीलामी चबूतरों से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। खाली हुए चबूतरों पर धान खरीद केंद्र संचालित हो रहे हैं। इससे बाहर से आने वाले किसानों को उपज रखने और बेचने में सुविधा मिल रही है।
अमर उजाला ने पिछले सप्ताह मंगलवार के अंक में नीलामी चबूतरों पर व्यापारियों के कब्जे और किसानों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेकर एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह ने मंडी सचिव सोनू को कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडी सचिव ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी जिसके बाद चबूतरों पर रखा व्यापारियों का माल हटा दिया गया। वहीं किसान भवन का ताला खोलकर उसकी विधिवत सफाई कराई गई। मंडी सचिव सोनू ने बताया कि भवन के टूटे दरवाजे बदल दिए गए हैं और जल्द बाहर बने शौचालय की मरम्मत कराकर उसे उपयोग में लाया जाएगा।
कस्बा किसान प्रमोद शुक्ला, पंखीलाल कुशवाहा और योग समिति अध्यक्ष डॉ. मनोज त्रिपाठी ने बताया कि योग समिति के सदस्यों ने किसानों के सहयोग से श्रमदान कर भवन को ठहरने योग्य बनाया है। कमरों में पंखे, चटाई और गद्दों की व्यवस्था की गई है।
किसानों को योग का भी लाभ
किसान भवन में रुकने वाले किसानों के साथ क्षेत्र वासियों को साधकों की ओर से योगासन सिखाए जा रहे हैं। इस उद्देश्य मंडी में आने वाले किसानों समेत स्थानीय लोगों को योग का लाभ दिलाना है। हुसैना के किसान राजू गुरुदेव और कस्बा के केशव प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि मंडी में अब व्यवस्था पहले से बेहतर है। किसानों को ठहरने की सुविधा के साथ उपज को चबूतरों पर सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी मिल गई है।
फोटो 03 एचएएमपी 18- मुस्करा नवीन गल्ला मंडी परिसर के किसान नीलामी चबूतरों पर से हटा अतिक्रमण।