फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: छह घंटे ठप रही बिजली, रात को भी नहीं आई

Sun, 12 May 2024 11:00 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। जिले में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की एक साल से चल रही कवायद अभी भी अधूरी पड़ी है। जिसके चलते आए दिन आपूर्ति बाधित होने से भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

मुख्यालय में शनिवार शाम आधे शहर की आपूर्ति छह घंटे ठप रही। वहीं चालू होते ही रात में दूसरे मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे लोग जागकर रात काटने को मजबूर रहे।
शासन ने बिजली व्यवस्था सुधारने को 68 करोड़ रुपये का बजट जिले में दिया। इससे विभाग ने बीते एक वर्ष पूर्व जर्जर लाइनें, पोल बदलने का काम शुरू कराया। विभाग मौजूदा में 62 फीसदी काम होने का दावा किया जा रहा है। काम पूरा न होने के कारण लोगों को कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

शनिवार मुख्यालय स्थित पावर हाउस में रखा ट्रांसफार्मर जलने से रहुनिया धर्मशाला, गौरादेवी, विवेक नगर, किंग रोड, रमेड़ी समेत आधे शहर की बिजली ठप रही। शाम चार बजे ठप आपूर्ति कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 10 बजे बहाल की। वहीं दूसरी ओर रमेड़ी तरौस, फूलारानी, डॉक्टर कॉलोनी की आपूर्ति बाधित हो गई।
ट्रिपिंग के बाद रात भर आपूर्ति ठप रही। गर्मी व मच्छरों से परेशान लोगों ने जागकर रात काटी। रविवार सुबह पांच बजे आपूर्ति शुरू हुई। दोपहर 12.30 बजे से फिर बिजली चार बजे तक गुल रही। सप्ताह में दूसरी बार लोगों को लंबे समय तक बिजली की समस्या से जूझना पड़ा।
अधिशासी अभियंता अनिल आहूजा ने बताया कि पहले ट्रांसफार्मर में खराबी आने से आपूर्ति ठप रही। जिसे ठीक कराया गया। बाद में फाल्ट आने के कारण दूसरे मोहल्लों की आपूर्ति ठप रही। व्यवस्था दुरुस्त करा आपूर्ति चालू करा दी गई है।
शहर के मोहल्ला फूलारानी निवासी सागर मिश्रा व प्रमोद पाल ने बताया कि मोहल्ले में रात भर बिजली गुल रही है। इससे मच्छरों से नींद हराम रही। शहर में कटौती पर रोक लगनी चाहिए। नेताओं के भाषणों में सिर्फ 24 घंटे बिजली मिल रही है।

पानी के लिए भी तरसे लोग
शहर के नई बस्ती गौरा देवी निवासी लक्ष्मण दास निषाद ने बताया कि बिजली कटौती की आंख मिचौली आजकल बढ़ गई है। शहर में ही लोगों को भरपूर बिजली नहीं मिल पा रही है। गांवों की स्थिति इससे ज्यादा खराब है। रविवार सुबह पानी तक नहीं आया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें