सुमेरपुर में मतगणना स्थल लगाई गई बेरीकेडिंग।
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआ सुमेरपुर। एडीएम ने गुरुवार को गल्ला मंडी का निरीक्षण कर मतगणना की तैयारी परखी। कहा कि मतगणना स्थल का टिनशेड बाहर से पूरी तरह से कवर होगा। मतगणना कर्मियों के साथ एजेंटों को आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते दिए जाएंगे। 10 मार्च को होने वाली विधानसभा चुनाव की मतगणना के लिए प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
गुरुवार को अपर जिलाधिकारी न्यायिक नागेंद्रनाथ व अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश यादव ने गल्ला मंडी पहुंच मतगणना स्थल तैयार कराने के निर्देश लोनिवि के अभियंताओं को दिए। अफसरों ने कहा कि दोनों विधानसभा सीटों के लिए चयनित किए गए नीलामी चबूतरों को बाहर से पूरी तरह से कवर किया जाएगा। मतगणना कर्मियों व मतगणना एजेंटों के प्रवेश के लिए अलग-अलग रास्ते दिए जाएंगे। अभियंता मतगणना स्थल की तैयारी में जुटे हैं। उधर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में अर्द्ध सैनिक बलों के साथ पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी से डटे हैं। आने-जाने वालों पर पैनी निगाह रखी जा रही है।