मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बिवांर रोड पर ग्राम सिलौली के पास मंगलवार दोपहर ऑटो और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौदहा बड़े चौराहे से बिवांर ऑटो सवारियां लेकर जा रहा था। सिलौली गांव के पास ऑटो की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया। हादसे में गुढ़ा गांव निवासी श्यामलाल (68), करहिया निवासी रमजानी (28), सिलौली निवासी कल्लू (17), स्वदेश (32), कम्हरिया निवासी शाहीन बानो (35) तथा खण्डेह निवासी राजू (35) घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद श्यामलाल और रमजानी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया लेकिन रास्ते में श्यामलाल ने दम तोड़ दिया।
मृतक के बेटे संजय ने बताया कि पिता श्यामलाल काम से कम्हरिया जा रहे थे। उनकी माैत से पत्नी उजयारी बिलखती रहीं। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।