मौदहा। नेशनल हाईवे-34 पर रविवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम छिरका के पास दो ट्रकों की टक्कर हो गई। कार बचाने के प्रयास में हुए हादसे में ट्रक चालक गुड्डू (50) और हेल्पर रोहित (36) गंभीर घायल हो गए। दोनों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
स्थानीय ग्रामीण नफीसुद्दीन के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक के सामने अचानक कार आ गई थी। ट्रक चालक ने कार बचाने के लिए स्टीयरिंग मोड़ दी जिससे सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर से पहले ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक-हेल्पर केबिन में फंस गए। राहगीरों ने उन्हें बाहर निकाला। घायल ट्रक चालक व खलासी जलपद महोबा के ग्राम बुदखेरा निवासी हैं। हादसे के बाद करीब आधा घंटा हाईवे बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सुचारू कराया।