फोटो22एचएएमपी 33- तहसील में एसडीएम को शिकायती पत्र देती डिग्गी मोहल्ले की महिलाएं। संवाद
हमीरपुर। शहर में डिग्गी मोहल्ला के वार्ड आठ व 14 में पेयजल संकट गहराने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बीते एक सप्ताह से पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान महिलाएं शिकायत करने सड़क पर उतर आईं। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी के न मिलने पर वह पैदल नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचीं। यहां पर एसडीएम अभिषेक कुमार ने समस्या को सुना और समाधान कराने का भरोसा दिया।
बुधवार को शहर के डिग्गी मोहल्ला निवासी सुनीता, अनीता, रामदुलारी, केशकली, केशर, ज्ञानदेवी, विमला, सुमन, मीरा, माया, अनसूया के अलावा रोहित, हर्ष कुमार, अमित कुमार समेत अन्य लोगों ने गर्मी के मौसम में पेयजल संकट होने पर नाराजगी जताई। मोहल्लेवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लगे पानी के ट्यूबवेल काफी समय से खराब पड़े हैं, जिससे नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत के कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। आरोप है कि ट्यूबवेल का ऑपरेटर भी अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं करता और शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करता है। क्षेत्र में लगे हैंडपंप भी खराब हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है। कुछ लोग मजबूरी में बेतवा नदी का पानी लाकर उपयोग कर रहे हैं।
जिलाधिकारी से शिकायत करने पहुंचे लेकिन वह मौके पर नहीं मिले। इसके बाद जानकारी होने पर तहसील पहुंचे। जब तक वह पहुंचे वह निकल गए गए। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र एसडीएम अभिषेक कुमार को सौंपा। उन्होंने ट्यूबवेल की खामी दूर कराकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता ने बताया कि ट्यूबवेल का मोटरपंप नीचे चला गया है। मिस्त्री दो दिन से निकालने का प्रयास कर रहे है लेकिन सफल नहीं हुए। अब नया मोटर पंप डलवाया जाएगा। शाम तक पेयजल आपूर्ति बहाल हो जाएगी।