घटनास्थल पर पड़े घायल लगी भीड़।
- फोटो : Amar ujala
सरीला मार्ग पर तेज रफ्तार दो बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक छात्रा समेत तीन लोग घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। चालक ने हेलमेट उतारकर पीछे बैठे साथी को पकड़ा दिया था। राहगीरों की मदद से घायलों को कस्बे की पीएचसी से सदर अस्पताल रेफ र कर दिया गया। जहां गंभीर हालत में तीनों घायलों को कानपुर भेज दिया गया।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे बिवांर-सरीला मार्ग पर जलालपुर थानाक्षेत्र के राजामऊ गांव के मोड़ पर दो बाइकों की सामने- सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें बाइक चला रहे मूलचंद (19) पुत्र जोरावर निवासी खडेहीलोधन की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार जलालपुर थानाक्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी नंदराम (22) पुत्र घसीटा ने बताया कि बहन मन्नूदेवी की नौ मई को शादी है। वह वह अपने ममेरे भाई मूलचंद्र के साथ शादी के कार्ड बांटने स्वासा जा रहा था। तभी सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
मूलचंद्र बाइक चला रहा था। बताया कि हेलमेट उतारकर उसने उसे पकड़ा दिया था। मूलचंद्र के सिर पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल ने बताया कि घटना के बाद उसने कई बार यूपी 100 को सूचना दी लेकिन कोई नहीं पहुंचा। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार तीन लोगों को भी गंभीर चोर्टें आइं हैं। दूसरी बाइक पर सवार जलालपुर थानाक्षेत्र खंडौत गांव निवासी बालेंद्र (21) पुत्र लालता प्रसाद व बहन सहोद्रा (17) व दोस्त सुरेश (21) पुत्र कालला प्रसाद को लेकर निवादा गांव के अभिनव प्रज्ञा महाविद्यालय से वापस आ रहा था।
बताया कि सहोद्रा बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा दे रही है। तभी बाइकों की भिड़ंत हो गई। बालेंद्र व सुरेश गंभीर घायल हो गए। जिन्हें सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइकों पर सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। वहीं, मृतक मूलचंद के घर पर ताला लटका हुआ है। उसके परिजन राजस्थान में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। जलालपुर थानाध्यक्ष कंबोद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए राठ भेजा है। परिजनों को सूचना भी कर दी गई है।