हमीरपुर। जनपद की दोनों विधानसभा सीटों पर दिव्यांग व 80 प्लस के कुल 23318 मतदाताओं में सिर्फ 1332 ने घर से मतदान के लिए आवेदन दिया था। जिसमें सोमवार को 931 ने घर से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह आवेदन करने वाले मतदान का 70 फीसदी रहा। जिनके लिए कुल 39 टीमों ने घर-घर जाकर मतदान कराया। शेष मतदाता मंगलवार को मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सदर विधानसभा सीट पर 19 व राठ सीट पर 20 टीमें घर-घर जाकर मतदान कराने पहुंची। प्रत्येक टीम पर छह कार्मिक लगाए गए थे। जिसमें एक मतदान अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वीडियो कैमरामैन, मैक्रो आब्जर्वर व दो सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। दोनों विधानसभा सीटों पर कुल दिव्यांग मतदाता 6434 व 80 वर्ष के ऊपर के 16884 हैं। इनमें सदर से 62 व राठ सीट पर 89 दिव्यांग मतदाताओं ने घर से वोट डालने के आवेदन दिए थे। जिनके वोट डलवाए गए। वहीं 80 प्लस के सदर सीट पर 564 व राठ सीट पर 617 मतदाताओं ने घर में वोट डालने को हामी भरी थी। पहली बार घर में वोट डालने वाले मतदाताओं में खुशी का माहौल है।
996 सैनिकों को भेजे गए लिफाफा
जिले के 996 सैनिक जो अलग-अलग प्रांतों में रहकर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मतदान से वंचित न रह पाएं इसके लिए आयोग ने सभी सैनिकों के पते पर बैलेट पेपर को लिफाफा में बंद कर भेजे हैं।
एक मतदाता ने डाला वोट
गोहांड। कस्बे में सोमवार को डाक मतपत्रों के माध्यम से हुए मतदान में एक दिव्यांग दशाराम कुशवाहा ने अपने घर पर मतदान किया। यह जानकारी बीएलओ सुभाषचंद्र ने दी। उन्होंने बताया कि कस्बे में इस श्रेणी में मात्र एक व्यक्ति चिंह्ति था।