हमीरपुर। पत्नी की बेरुखी और ससुरालियों की धमकी से आहत एक निजी कंपनी में मैनेेजर ने हैदराबाद में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी युवक के मौसेरे भाई ने दी है। आयुष ने मरने से पहले एक भावुक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, इसमें उसने पत्नी, उसके माता-पिता और भाई पर मानसिक उत्पीड़न व धमकियों का आरोप लगाया है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद नहीं एजेंसी नहीं करता है।
कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र के जरसेन गांव निवासी आयुष दिवाकर (25) ने सोमवार की रात हैदराबाद में अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह टंबल ड्राई कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आयुष और उसकी पत्नी ने दो अप्रैल 2025 को कोर्ट मैरिज की थी, इसके बाद हमीरपुर के एक गांव में हिंदू रीति-रिवाज से भी विवाह भी हुआ। शादी में लड़की के परिजन शामिल नहीं हुए थे। लड़की के परिजन वर्तमान में कानपुर में रहते हैं।
बताया गया कि आयुष और लड़की ने शादी के बाद कुछ समय अमृतसर और हैदराबाद में साथ बिताया, लेकिन दो अक्टूबर को लड़की अकेले ट्रेन से हैदराबाद से कानपुर अपने घर कानपुर चली आई। घर पहुंचने के बाद उसने फोन बंद कर दिया और आयुष से संपर्क टूट गया। जाते समय उसने कहा था कि त्योहार के बाद लौट आऊंगी और पापा से बात करके कानपुर में घर बनवाकर यहीं रहेंगे।
मौसी के बेटे शिवा ने बताया कि लड़की के पिता, मां और भाई ने आयुष को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया। आयुष ने वीडियो में कहा कि उसने जाते समय अपनी पत्नी को आईफोन दिया था और अनुरोध किया कि उसे उसकी मां को दे दिया जाए तथा उसकी मां को परेशान न किया जाए। वीडियो में वह बार-बार रोता और कहता दिखाई देता है कि उसकी पत्नी गर्भवती थी। पिता संजय दिवाकर ने कहा कि वह रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।