- स्वामी ब्रह्मानंद अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में पूल बी का पहला मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
राठ। स्वामी ब्रह्मानंद अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को पूल बी का पहला मैच इंदौर व धौलपुर के बीच खेला गया। धौलपुर ने इंदौर को 71 रनों से हराया।
मैच का उद्घाटन मौन साधना केंद्र रोहनियां मंदिर के संरक्षक नीलू महाराज व टूर्नामेंट के अध्यक्ष धर्मसिंह राज खजांची ने किया। धौलपुर राजस्थान के कप्तान रूपेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 25 ओवर के मैच में टीम ने 224 रन बनाए। कप्तान रुपेश के 61, नवल ने 43 और सुमित ने 38 रनों का योगदान दिया।
इंदौर के आनंद सिंह व अनुराग ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम का प्रारंभिक प्रदर्शन शानदार रहा। ओपनर बल्लेबाज ऋषि ने पांच छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। रितिक ने 25 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए। मात्र 153 रनों पर टीम ऑलआउट हो गई। धौलपुर के कप्तान रूपेश को मैन आफ द मैच मिला वहीं ऋषि गेम चेंजर बने। स्कोरर नीरज राजपूत, कमेंट्रेटर दीपक गुरु, अवधेश पाल रहे।
उरई ने गोहानी को 12 रनों से हराया
फोटो 09 एचएएमपी 20- राठ के बिहर में क्रिकेट मैच में बालिंग करता खिलाड़ी। स्रोतः आयोजक
राठ। बिहर गांव के स्व. कालीचरन टी 10 लीग में शुक्रवार को उरई व गोहानी के बीच मुकाबला हुआ। उरई ने गोहानी को 12 रन से शिकस्त दी।
उरई के कप्तान सचिन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। खराब शुरूआत के साथ टीम 61 रन बना पाई। उलफान ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। गोहानी के गेंदबाज पुष्पेंद्र ने 3 विकेट लिए। जवाब में उतरी गोहानी की टीम ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए दो ओवर में 20 रन बना लिए थे। जिसके बाद विकटों का गिरना शुरू हो गया। टीम 8 विकेट पर 49 रन ही बना पाई। उरई के बॉलर बाबूलाल ने 3 व अंकुर ने 2 विकेट लिए। उरई की टीम ने 12 रन से मैच जीत लिया। बाबूलाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। आयोजक चंद्र राजपूत बाबा, अंपायर प्रदीप, प्रीतम, स्कोरर आयुष व कमेंट्रेटर नीलेश गिरी और संजय बिहर रहे।