गहरौली (हमीरपुर)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास पुन्निया गांव के निकट सर्विस लाइन और अंडरपास की बदहाल स्थिति मुसीबत बन गई है। सड़क पर गहरे गड्ढे, जलभराव, बबूल की झाड़ियां और खतरनाक मोड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीण टेकचंद गोस्वामी, अरविंद अवस्थी, राजू, इंद्रेश विश्वकर्मा आदि ने बताया कि बीते तीन महीनों में बाइक और रिक्शा पलटने जैसी घटनाओं में करीब 60 से 70 लोग चोटिल हो चुके हैं।
रविवार को अंडरपास संख्या 105 के पास ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में तीन लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने यूपीडा और जिला प्रशासन से समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।
अंडरपास के पास जलभराव वाले स्थानों के गड्ढे भरवाने, सर्विस लाइन के किनारे उगी बबूल की झाड़ियों की सफाई कराने और खतरनाक मोड़ों पर स्पीड ब्रेकर व चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते जरूरी कदम उठाए जाने से हादसों पर अंकुश लग सकता है।